दिल्ली से अपहृत बच्ची दाहा में मिली, आरोपी हिरासत में
दोघट (बागपत)। दिल्ली से अपहृत तीन साल की मासूम दाहा के बरनावा तिराहा पर रोती हुई मिली। पुलिस ने सोशल मीडिया पर बच्ची का फोटो वायरल किया तो दिल्ली पुलिस परिजनों के साथ दोघट थाना पहुंची और बच्ची को बरामद कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। बच्ची के परिजनों ने दिल्ली में अपहरण का मुकदमा दर्ज करा रखा है।
शनिवार को बड़ौत बुढ़ाना मार्ग पर दाहा में बरनावा तिराहा पर तीन वर्षीय एक बच्ची रोती बिलखती मिली। जिस पर इसकी सूचना डायल 112 पर की गई। सूचना पर पहुंचे पीआरवी पर तैनात सिपाही कपिल कुमार, अंकुर मलिक ने इसकी जानकारी दोघट थाने पर दी तथा बच्ची का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सोशल मीडिया से इसकी जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस दोघट थाने पहुंची। थाना राजापार्क दिल्ली के एसएचओ ललित कुमार ने बताया कि बच्ची शुक्रवार से लापता थी और उसके अपहरण का मुकदमा दर्ज है। बच्ची का नाम फुलवी पुत्री रौनक अली है। ये लखीमपुर के रहने वाले हैं जो हाल में राजापार्क सुल्तानपुरी दिल्ली में रह रहे हैं।
पुलिस के अनुसार बच्ची के परिजनों के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में दोघट थाना क्षेत्र के ग्राम धनोरा निवासी सुनील उर्फ भूरा बच्ची को ले जाता हुआ नजर आया था। जिस पर परिजनों ने सुनील के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और दिल्ली ले गई। दिल्ली पुलिस टीम में एसएचओ ललित कुमार, एसआई राजेश कुमार, कांस्टेबिल जुबैर आलम आदि मौजूद रहे।