बागपत। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों का निर्धारण करने के लिए विद्यालयों की जियो लोकेशन परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। इसके लिए ब्लॉकवार समिति का गठन किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने समिति को दो दिसंबर तक डाटा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए है।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में शनिवार को बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए बैठक हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने कहा कि बोर्ड परीक्षा केंद्रों का निर्धारण ऑनलाइन किया जाएगा। परिषद ने विद्यालयों की जियो लोकेशन वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए है। इसके लिए परिषद ने एक एप जारी किया है। एप में विद्यालय की यूजर आईडी और पासवर्ड दर्ज करते ही परिषद की वेबसाइट पर विद्यालय की जिया लोकेशन अपडेट हो जाएगी। विद्यालयों की जियो लोकेशन अपडेट करने के लिए ब्लॉकवार तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति में एक राजकीय के प्रधानाचार्य, एक सहायक अध्यापक और एक कनिष्ठ सहायक को शामिल किया गया है। इनमें बागपत ब्लॉक में रामनिवास, नरेश भारद्वाज, अंकुर शर्मा, पिलाना में पुरुषोत्तम, नितिन कुमार, कालूराम, खेकड़ा में ज्वाला प्रसाद, लवकुश, राजीव यादव, बड़ौत में डॉ. रेखा सिंह, रविंद्र सैनी, हिमांशु भारद्वाज, बिनौली में मिथलेश, अश्वनी कुमार, सुमित कुमार, छपरौली में सरोज, जितेंद्र कुमार, मनीष खोखर को शामिल कर जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने दो दिसंबर तक विद्यालयों की लोकेशन अपडेट कर नोडल अधिकारी को आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है।