बागपत के अमीनगर सराय में दो साल पहले अपनी मां के साथ सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव से बिहार घूमने गई किशोरी के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। जिसमें बिहार पुलिस ने सुनवाई नहीं की और महिला कार्रवाई के लिए भटकती रही। मानवाधिकार आयोग के आदेश पर सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बिहार की रहने वाली महिला की शादी क्षेत्र के एक गांव के युवती से हुई थी। जो वर्ष 2021 में अपने मामा का हाल जानने के लिए बिहार के खागडि़या जिले में अपनी 15 वर्षीय बेटी के साथ गई थी। महिला ने बताया कि बिहार के खागड़िया जिले में तीन युवकों ने उसकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद उसने बिहार के खागड़िया जिले की पुलिस से कार्रवाई की मांग की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
महिला ने बताया कि कार्रवाई की मांग को लेकर अफसरों के कार्यालय में भटकती रही। जिसके बाद मानवाधिकार आयोग से न्याय की गुहार लगाई। बताया कि मानवाधिकार आयोग के आदेश पर तीन दिन पहले सिंघावली अहीर थाने में सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी मिथुन, मार्शल, संजय और एक अज्ञात निवासी खागड़िया बिहार के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
इस मामले में सीओ विजय चौधरी ने बताया कि किशोरी के साथ बिहार में हुई घटना में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटनास्थल बिहार का होने के कारण मुकदमे की विवेचना बिहार ट्रांसफर की जाएगी।