दोघट। पलड़ी गांव में ब्लैकमेल किए जाने से परेशान होकर किसान के आत्महत्या करने के मामले में पुलिस की जांच अब हरियाणा के नूंह व मेवात तक पहुंच गई है। क्योंकि किसान से जिस खाते में रुपये डलवाए गए थे, वह रुपये नूंह में एटीएम से निकाले गए थे। पुलिस एटीएम की फुटेज मंगवाकर ब्लैकमेल करने वालों की पहचान करने में जुटी है।
पलड़ी गांव में 24 जुलाई की सुबह किसान सत्यवीर सिंह ने खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी, उसके पास से तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिला था। इसमें किसान ने अजय कुमार वर्मा व एक महिला पर तमंचे के बल पर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और 3.13 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर करना बताया था। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इसमें पुलिस ने बैंक खाता धारक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो वह भी ब्लैकमेल करने वालों से पीड़ित निकला। जिसने बताया कि उसे भी ब्लैकमेल कर नया खाता खुलवाया गया और एटीएम कार्ड एक पते पर डाक से मंगवाया गया। थाना प्रभारी देवेश कुमार शर्मा ने बताया कि किसान से जिस खाते में रुपये डलवाये गए थे, उससे नूंह में एटीएम से रुपये निकाले गए थे। जिस एटीएम से रुपये निकाले गए हैं, उसकी सीसीटीवी फुटेज मंगवाई जा रही है। इसके आधार पर ब्लैकमेल करने वालों की पहचान कर पकड़ा जाएगा।