खेकड़ा। हसनपुर मसूरी गांव में शनिवार को विद्युत तारों से निकली चिंगारी के कारण एक किसान की चार बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। किसान योगेंद्र ने अधिकारियों से मुआवजे की मांग की है।
योगेंद्र ने बताया कि शनिवार को उनके खेत में खड़ी गन्ने की फसल में विद्युत तारों से निकली चिंगारी गिर गई। इससे खेत में तेजी से आग फैल गई। आग लगने की सूचना तुरंत दमकल कर्मियों को दी गई। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत की। हालांकि आग पर काबू पाने से पहले ही योगेंद्र की चार बीघा गन्ने की फसल पूरी तरह जल चुकी थी। एसडीएम मनीष यादव ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हल्का लेखपाल को तुरंत मौके पर भेजा जाएगा। लेखपाल द्वारा जांच रिपोर्ट सौंपने के बाद किसान को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलवाया जाएगा।