संवाद न्यूज एजेंसी
चांदीनगर। कृषि कानून के विरोध मे दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर धरना दे रहे किसानों के लिए क्षेत्र के किसान भोजन का इंतजाम करने में जुटे हैं। क्षेत्र से रोजाना निजी वाहनों में किसानों को भोजन पहुंचाने का सिलसिला जारी है। किसानों ने कहा सिंधुु बार्डर और यूपी गेट समेत अन्य जगहों पर खाने की कमी नहीं होने दी जाएगी।
कृषि कानून के विरोध में देशभर का किसान सड़कों पर उतरकर आंदोलन कर रहा है। किसान धरना-प्रदर्शन कर केंद्र सरकार से कृषि कानून वापस लेने की मांग कर रहे हैं। देश के अलग अलग राज्यों के किसान दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर धरना दे रहे हैं। चांदीनगर क्षेत्र के मंसूरपुर, ललियाना के ग्रामीण धरनारत किसानों के लिए खाद्य सामग्री पहुंचा रहे हैं। क्षेत्र से रोजाना ट्रैक्टर ट्रॉली में खाने पीने का सामान किसानों तक पहुंचाया जा रहा है। मंसूरपुर के किसान कृष्णपाल सिंह, मनोज, नंदू, बिट्टू और सोनू ने कहा क्षेत्र के लोगों की मदद से भोजन पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा जब तक किसानों का आंदोलन जारी है, तब तक खान सामग्री में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।