खेकड़ा। गाजियाबाद के लोनी निवासी पूरण मंगलवार की सुबह करीब सात बजे कैंटर में माल लादकर हरियाणा के पानीपत जा रहा था। दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर खेकड़ा तहसील के पास सामने से गलत दिशा से आ रही ईंट लदी ट्रैक्टर ट्राली की कैंटर के साथ टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। पीछे आ रही एक कार भी दुर्घटनाग्रस्त कैंटर से जा टकराई। इस दुर्घटना में कैंटर चालक पूरण सिंह, ट्रैक्टर चालक गुलफाम और उसके साथी शमशाद व आबिद, कार सवार शिक्षक सतीश कुमार गंभीर रूप में घायल हो गए। कोतवाली पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पूरण को मेरठ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बाकी चारों घायलों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। तीन वाहनों के आपस में टकराने पर मार्ग भी करीब एक घंटे तक अवरुद्ध रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग किनारे खड़ा कराया और हाइवे पर वाहनों का आवागमन शुरू कराया।