बागपत जिला अस्पताल में लगी मरीजों की भीड़
- फोटो : BAGHPAT
पांच चिकित्सकों का तबादला, आया सिर्फ एक
बागपत। जिला अस्पताल में पांच चिकित्सकों के स्थानांतरण तो हो गया, लेकिन नियुक्ति केवल एक की ही हुई है। पहले से ही चिकित्सकों की कमी चल रही थी। अब मरीजों को और भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को घंटों तक चिकित्सक का इंतजार करना पड़ रहा है।
30 जून को जिला अस्पताल के सर्जन, त्वचा रोग विशेषज्ञ सहित पांच चिकित्सकों का स्थानांतरण अन्य जनपदों में हो गया है। जिन चिकित्सकों का स्थानांतरण हुआ है, उनको रिलीव भी कर दिया गया है। जबकि जिले में स्थानांतरण होकर आए केवल एक चिकित्सक ने ही अभी तक कार्यभार संभाला है। चिकित्सकों की कमी के कारण अस्पताल में इलाज कराने के लिए आने वाले लोगों को काफी देर तक इंतजार करने के लिए विवश होना पड़ रहा है। सोमवार को अस्पताल में भीड़ अधिक होने के कारण इलाज कराने के लिए आए लोग फर्श पर ही बैठ गए।
सीएमएस डॉ. एसके सुमन का कहना है कि जिला अस्पताल में पांच चिकित्सकों का स्थानांतरण हुआ है, जबकि अभी तक एक चिकित्सक ने ही कार्यभार संभाला है। स्थानांतरण होने के कारण चिकित्सकों की कमी चल रही है। इसके बावजूद लोगों को बेहतर उपचार देने का प्रयास किया जा रहा है।