बड़ौत। नगर की खत्री गड़ी में बृहस्पतिवार शाम मामूली कहासुनी को लेकर हुई मारपीट में दो पक्षों में पथराव हो गया। इसमें एक पक्ष ने फायरिंग कर दी, जिसमें पेट में गोली लगने से कक्षा दो का छात्र हर्ष (10) घायल हो गया। घायल हर्ष का सीएचसी में उपचार कराया गया। हर्ष के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
शहर के खत्री गढ़ी मोहल्ले में रहने वाले दीपक वर्मा ने बताया कि बृस्पतिवार रात गली में दो पक्षो के बीच झगड़ा हो रहा था, तभी एक पक्ष का युवक अपने मकान की छत पर चढ़कर तमंचे से फायरिंग करने लगा। इस दौरान दोनों पक्षों की तरफ से पथराव होने लगा। बताया कि तभी एक गोली उसके बेटे हर्ष के पेट में लग गई, जो कक्षा दो का छात्र है। इसके बाद मोहल्ले में भगदड़ मच गई। घायल हर्ष को लेकर उसका पिता कोतवली पहुंचा, इसके बाद उसका सीएचसी में उपचार कराया गया। इसमें एक पक्ष के युवक ने भी फायरिंग करने वाले पर तमंचे की बटों से मारपीट करने का आरोप लगाया। घटना के बाद वहां आए पुलिसकर्मियों ने पूरे मामले की जांच पड़ताल की।
इसमें जांच अधिकारी मनोज कुमार चहल ने बताया कि दो युवकों के बीच मारपीट हो गई थी। एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर पहुंचे तो पथराव हो गया। इसमें एक बच्चा भी घायल हुआ है। इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।