बड़ौत। फतेहपुर पुट्ठी निवासी संजय कुमार पुत्र गंगाराम ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह सेना में जवान है और उसकी तैनात उड़ीसा में है। वर्तमान में वह छुट्टी पर आया हुआ है और अपने बड़ौत नगर की कश्यप गली में बने मकान में रह रहा है। शनिवार की रात वह बड़ौत निवासी हुमेंद्र पुत्र भागमल के साथ अमीनगर सराय रोड से होते हुए बड़ौत आ रहा था। गुराना गांव के पास उसकी बाइक का तेल खत्म हो गया। गांव में ही सड़क किनारे एक व्यक्ति के यहां पर तेल मांगने के लिए पहुंचा तो उनके बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि व्यक्ति ने उस पर फायर कर दिया। गोली हाथ में लगने से वह घायल हो गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सीएचसी में भर्ती कराया। कोतवाल अजय शर्मा ने बताया कि संजय की तहरीर पर व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।