दोघट। बोपुरा के जंगल में बिजली की हाईटेंशन लाइन के तारों के आपस में टकराने से उठी चिंगारी गिरने से किसान शब्बीर उर्फ कल्लू खलीफा के खेत में गन्ने की 17 बीघा फसल जल गई। किसानों ने किसी तरह आग पर काबू पाकर मुआवजा दिलाने की मांग की।
किसान शब्बीर उर्फ कल्लू खलीफा ने बताया कि खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार काफी ढीले हो चुके हैं और नीचे तक लटके हुए हैं। इसकी शिकायत बिजलीघर पर अफसरों से की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया गया। शनिवार को गन्ने की फसल में आग लगने की सूचना पर पहुंचे बोपुरा व फौलादनगर के किसानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया। इस दौरान किसान हारुण चौधरी, याकूब, कल्लू, शौकत, खुर्शेद और यूसुफ आदि मौजूद रहे। इस मामले में अवर अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि खेत में जाकर जांच कराई, लेकिन वहां पर तार ठीक मिले। आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।