अग्निशमन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू, तीन लाख का सामान जला
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। शोरगिरान मोहल्ले में रविवार को शॉर्ट सर्किट से रालोद नेता के बेटे के मकान में आग लग गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मगर, तब तक तीन लाख रुपये का सामान जल गया था। पीड़ित ने ऊर्जा निगम से मुआवजे की मांग की है।
रालोद नेता जमीरूउद्दीन अब्बासी का बेटा कल्लू उर्फ मीरा अब्बासी शोरगिरान मोहल्ले में रहता है। वह पुराने फर्नीचर, कूलर, फ्रीज, पंखें व अन्य सामान को दिल्ली से लाकर बेचता है। कल्लू की नगर नेहरू रोड पर दुकान है, जबकि काफी सामान उसने घर पर भी रखा हुआ है। रविवार की सुबह पूरा परिवार किसी कार्यक्रम में जाने के लिए घर से निकला था। कुछ देर बाद ही पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी कि उनके मकान से आग की लपटें और धुआं निकल रहा है। सूचना पर कल्लू व उसका पूरा परिवार रास्ते से ही लौट आए और आग को बुझाने में जुट गया। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा फर्नीचर कपड़े, बर्तन, राशन, पंखे व दुकान का सामान भी जल गया था। हाजी जमीरुद्दीन अब्बासी ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। तकरीबन तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने ऊर्जा निगम से मुआवजे की मांग की।