बागपत। गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। पूर्ति इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने शक्ति इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक मोहसिन और मालिक हिमानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। यह कार्रवाई उपभोक्ताओं की शिकायतों और विस्तृत जांच के बाद की गई है।
कोतवाली में दी तहरीर में पूर्ति इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि गैस सिलिंडरों के वितरण में उपभोक्ताओं ने कालाबाजारी करने का आरोप लगाकर शिकायत की थी। इसकी जांच की गई और एजेंसी के 61 उपभोक्ताओं के बयान दर्ज किए। उपभोक्ताओं ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग कराने के बाद गैस सिलिंडरों की डिलीवरी दिखाई गई, जबकि उन्हें सिलिंडर नहीं मिला। कुछ ऐसे उपभोक्ता भी मिले, जिन्होंने ऑनलाइन बुकिंग नहीं कराई और उनका सिलिंडर भी वितरित होना दिखाया गया। जांच में गैस सिलिंडरों की होम डिलीवरी न करना, निर्धारित मूल्य से ज्यादा रुपये लेने, उपभोक्ता को नियमानुसार सिलिंडर वितरित न करना सामने आया। जिलाधिकारी की अनुमति मिलने के बाद कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जांच अधिकारी ब्रजेश कुमार ने बताया कि सिलिंडरों की कालाबाजारी में शक्ति इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक मोहसिन निवासी अहमदपुर गठीना और एजेंसी मालिक हिमानी निवासी सटेड़ी जिला मुजफ्फरनगर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।