बड़ौत कोतवाली में लगी चोट दिखाते बावली गांव के पीड़ित
- फोटो : BARAUT
बावली में भिड़े दो पक्ष, राज्य स्तरीय खिलाड़ी सहित पांच लोग घायल
बागपत, बडौत। बावली गांव में घर के बाहर बुग्गी खड़ी करने के विवाद में दो पक्षों के बीच सोमवार की देर रात मारपीट हो गई। इसमें राज्य स्तरीय निशानेबाज अक्षिता तोमर सहित उनके परिवार के चार सदस्य और दूसरे पक्ष से भी एक व्यक्ति घायल हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मंगलवार को दोनों पक्षों के तीन लोगों का शांतिभंग में करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
घायलों में एक अक्षिता तोमर राज्य स्तरीय खिलाड़ी हैं और निशानेबाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। घटना में उनके पिता, बहन निकिता, मां संगीता और दादा हरपाल, दूसरे पक्ष से अनुज घायल हुए हैं। अक्षिता तोमर ने आरोप लगाया है कि दूसरे पक्ष के पांच-छह लोग लाठी, डंडे लेकर उसके घर में घुस गए और उन पर हमला बोल दिया। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। उन्हें आता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच काफी समय से घर के बाहर बुग्गी खड़ी करने को लेकर विवाद चला रहा था। सोमवार की देर रात्रि भी इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है। सीओ युवराज सिंह ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों से तीन लोगों का शांति भंग में चालान किया गया है।