स्वास्थ्य की खबर से संबंधित फोटो। बागपत के फैजपुर निनाना गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में
बागपत। गर्मी में लोगों का बुखार पीछा नहीं छोड़ रहा है और शुगर भी लोगों को परेशान करने लगा है। आरोग्य मेले में रविवार को जिन बीमारियों के मरीज ज्यादा पहुंचे, उनको चिकित्सकों ने उपचार करने के साथ ही खानपान व दिनचर्या बेहतर रखने की सलाह दी।
जिले में रविवार को 23 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। जहां 25 चिकित्सकों और 62 पैरा मेडिकल स्टाफ ने मरीजों की जांच कर दवाई दी। पिछले आरोग्य मेलों में 1384 मरीजों ने पहुंचकर उपचार कराया था, लेकिन इस बार 1271 मरीजों ने पहुंचकर उपचार कराया।
पिछले मेले में बुखार के 36 मरीजों ने पहुंचकर उपचार कराया। त्वचा रोग के 133, पेट की समस्या के 60, सांस के 40 मरीजों ने पहुंचकर उपचार कराया। रक्तचाप के 32 मरीज, शुगर के 128 मरीज पहुंचे। लीवर की समस्या के तीन मरीज पहुंचे।
आरोग्य मेले में टीबी के छह संदिग्ध मरीजों की जांच हुई। सीएमओ डाॅ. तीरथलाल ने बताया कि मरीजों को बीमारियों की जांच के बाद दवाई देने के साथ ही दिनचर्या व खानपान बेहतर करने की सलाह दी जा रही है।