बागपत। राशन लेने के लिए गई महिला के सिर में संदिग्ध हालात में चोट लग गई। इसके बाद महिला के परिजनों ने हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत किया। नगर में एसपी कार्यालय के सामने मंगलवार को नगर का एक युवक लोगों को फ्री राशन का वितरण कर रहा था। इस दौरान राशन लेने पहुंची हनुमान मंदिर के पास की एक महिला के सिर में चोट लग गई। महिला का आरोप था कि एक पुलिस वाले ने उसके सिर पर लाठी मारी है, इस बात को लेकर उसके परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया, मगर महिला पुलिसकर्मी की शिनाख्त नहीं कर पाई। मौके पर पहुंचे बागपत कोतवाल अरविंद कुमार ने महिला व परिजनों को शांत किया।
गोवंश के कटान का आरोप, हंगामा
बागपत। सोमवार की रात में असामाजिक तत्वों ने श्री राम गोशाला पुराना क़स्बा बागपत के निकट एक गोवंश का कटान किया। दिन निकलने पर पहुंचे हिंदु जागरण मंच के सदस्यों ने गोवंश का कटान करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। उन्होंने कोतवाली पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने कहा शिकायत की जांच होगी।