खेकड़ा। नगर स्थित कस्तूरबा कन्या इंटर कॉलेज की चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी ने प्रबंधक और प्रधानाचार्या पर मानसिक शोषण करने का आरोप लगाया। उसने जिला विद्यालय निरीक्षक से शिकायत करके कार्रवाई की मांग की।
कस्तूरबा कन्या इंटर कॉलेज की चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी सुरेश देवी ने शनिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक को शिकायत पत्र दिया। इसमें आरोप लगाया कि प्रबंधक और प्रधानाचार्य उसका मानसिक शोषण कर रहे हैं। वह उससे कॉलेज समय में घरेलू कार्य भी कराते हैं। वहीं, अवकाश के दिन भी कार्य के लिए बुलाते हैं। वहीं, वेतन बढ़ोतरी की फाइल पर हस्ताक्षर नहीं कर रहे हैं। फाइल पर हस्ताक्षर करने के लिए सुविधा शुल्क मांग कर रहे हैं। पीड़िता ने जिला विद्यालय निरीक्षक से मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। विद्यालय प्रबंधक जितेंद्र सिंघल का कहना है कि महिला कर्मचारी द्वारा लगाए आरोप निराधार हैं। यदि ऐसी कोई बात है तो वह मामले की जांच कराएंगे।