एसबीआई ने दोनों मदों के शुल्क में किया बदलाव
जनपद के करीब तीन लाख खाताधारकों पर पड़ेगा असर
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। अगर आप एसबीआई के बचत खाताधारक हैं तो एक जुलाई से एटीएम से निकासी और नई चेक बुक प्राप्त करने के लिए अधिक शुल्क देना होगा। एसबीआई ने दोनों ही मदों में शुल्क बढ़ा दिया है। ये नए शुल्क एक जुलाई से लागू हो जाएंगे। नए नियमों के मुताबिक खाताधारकों को निशुल्क वाली सीमा के अंदर ही निकासी करनी होगी वरना उसके बाद निकासी पर अतिरिक्त चार्ज देना होगा। जनपद में एक दर्जन से अधिक एसबीआई की ब्रांच है, जिनसे जुड़े करीब तीन लाख खाताधारकों पर इसका असर पड़ेगा।
निशुल्क सीमा खत्म होने के बाद प्रति निकासी लगेगा 15 रुपये प्लस जीएसटी का चार्ज
बचत खाताधारकों के लिए हर महीने में चार निकासी निशुल्क होती हैं। निशुल्क सीमा खत्म होने के बाद इन खाताधारकों को अब प्रति निकासी पर 15 रुपये प्लास जीएसटी चार्ज देना होगा। नकद निकासी पर शुल्क होम ब्रांच और एटीएम और गैर एसबीआई एटीएम पर लागू होगा। इन खाताधारकों को साल में दस चेक की बुक फ्री मिलती है। लेकिन अब दस चेक वाली चेकबुक के लिए 40 रुपये और जीएसटी चार्ज देना होगा। 25 चेक वाली चेकबुक के लिए 75 रुपये और जीएसटी चार्ज देना होगा। इमरजेंसी में दस चेक वाली चेकबुक के लिए 50 रुपये और जीएसटी चार्ज देना होगा। वरिष्ठ नागरिकों को चेक बुक पर नए सेवा शुल्क से छूट दी गई है।
एसबीआई ने अपने बेसिक बचत खातों से एटीएम से निशुल्क सीमा खत्म होने के बाद निकासी करने पर शुल्क लगाया है। नई चेक बुक जारी कराने के लिए भी चार्ज लगाया है। ये चार्ज एक जुलाई से लागू हो जाएंगे। - विकास कामरा, मैनेजर, भारतीय स्टेट बैंक बड़ौत शाखा।