- गांवों में तेंदुआ दिखाई देने का मचता रहा शोर तो सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो भी वायरल हुई
- एसएसओ ने कहा कि ढिकौली गांव में बिजलीघर के बाहर घूमता दिखाई दिया तेंदुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय/रटौल। जिले के कई गांवों में तेंदुआ होने की दहशत बनी हुई है और उन गांवों में ग्रामीणों ने खेतों में जाना बंद कर दिया। तेंदुए की दहशत के चलते लहचौड़ा मांव में स्कूल की छुट्टी कर बच्चों को घर भेज दिया गया। तेंदुआ होने की सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम दौड़ती नजर आई। वन विभाग ने तेंदुआ दिखाई देने पर सूचना देने को हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।
ढिकौली गांव के बिजली घर पर तैनात एसएसओ मनोज बालियान ने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे काफी देर तक कुत्तों के भोंकने की आवाज सुनकर वह बाहर निकला तो कुत्ते भागकर बिजलीघर में घुस गये। तभी बिजलीघर के बाहर से जाता हुआ तेंदुआ दिखाई दिया। जिसके बाद ग्रामीणों को फोन कर सतर्क किया। साथ ही ग्रामीणों से झुंड बनाकर खेतों में जाने के लिए कहा गया। इसके अलावा खट्टा प्रहलादपुर गांव के जंगल में पिछले तीन दिन से तेंदुआ दिखाई देने से दहशत का माहौल बना हुआ है।
तेंदुआ दिखते ही भैंसा बुग्गी दौड़ाई, स्कूल की छुट्टी कराई
रटौल। लहचौड़ा गांव के रहने वाले लीलू, उसका छोटा भाई रमन उर्फ मोनू और ममेरा भाई महेश निवासी ब्राह्मण पुट्ठी शनिवार सुबह पशुओं के लिए चारा लेने खेत में गया था। चारा लेकर वापस लौटते समय ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के पास उनको तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुआ देखते ही उन्होंने भैंसा बुग्गी को दौड़ा दिया। इस दौरान बुग्गी से नीचे गिरने से किसान महेश घायल हो गया। तेंदुआ दिखाई देने के बाद से लहचौड़ा गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। जिसकी सूचना शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी गई तो संविलियन विद्यालय की छुट्टी करके बच्चों को घर भेज दिया गया। इसके अलावा मंसुरपुर मार्ग पर खेत में पानी चला रहे किसान राजकुमार ने भी तेंदुआ दिखाई देने की बात कही है। उधर सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
अमीनगर सराय में तेंदुआ घूमने का वीडियो बनाकर वायरल किया
अमीनगर सराय। कस्बे के जंगल में पिछले दो दिनों से तेंदुआ दिखाई देने से दहशत का माहौल बना हुआ है। जिसको लेकर किसान भयभीय है और खेतों में जाना बंद कर दिया है। एक वीडियो भी शनिवार को वायरल की गई। जिसमें कार में बैठा युवक काफी दूर खड़े एक जीव का वीडियो बना रहा है और उस वीडियो में शोर मचा रहा है कि यह अमीनगर सराय का रास्ता है, जिसपर तेंदुआ खड़ा हुआ है। उधर वन विभाग के अधिकारी तेंदुए की पुष्टि होने से इंकार कर रहे है। कस्बे कि किसान ओमपाल यादव ने बताया कि शनिवार की सुबह वह सिंचाई के लिए खेत में गया था, तभी तेंदुआ दिखाई दिया।
वन विभाग ने जारी किये कंट्रोल रूम के नंबर
जिले के गांवों में तेंदुआ दिखाई देने की सूचनाओं को लेकर वन विभाग ने कंट्रोल रूम स्थापित कर फोन नंबर जारी कर दिये है। जिसमें प्रभागीय वन अधिकारी हेमंत कुमार सेठ के 7839435172, 9450500833, उप प्रभागीय वन अधिकारी के 7839434952, 9871491106, वन रेंजर श्रवण कुमार से 9718406006, 7839434622, वन रेंजर बड़ौत सुनेंद्र सिंह के 8279485138, 7839434618 पर सूचना दी जा सकती है। इसके अव्वा व्हाट्सएप नंबरों 9837923777, 9897606122, 9811818288, 9897127832 पर सूचना भेजी जा सकती है।
वर्जन-
जहां भी तेंदुआ होने की सूचना मिल रही है, वहां टीम को भेजकर पंजों की जांच कराई जा रही है। ग्रामीण तेंदुआ दिखाई देने पर वन विभाग की टीम को सूचना दे और सावधानी बरते। हेमंत सेठ, प्रभागीय वन अधिकारी।