बागपत। अग्रवाल मंडी टटीरी व टीकरी कस्बे के किसानों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट में पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने दिल्ली-देहरादून इकनॉमिक कॉरिडोर में गई जमीन का सही मुआवजा नहीं देने का आरोप लगाया और एडीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द ही मुआवजा नहीं देने पर धरना देने की चेतावनी दी।
किसान नीरज, विजय सिंह, विकास, योगेेंद्र, पवन कुमार ने बताया कि किसानों की जमीन कॉरिडोर में गई थी। जमीन ग्रामीण क्षेत्र में होने के बावजूद भी शहरी क्षेत्र का मुआवजा दिया गया, जो नियम विरुद्ध है। किसानों ने जमीन का चार गुना मुआवजा देने की मांग को लेकर धरना दिया था। उस समय किसानों को जांच कराकर मुआवजा देने का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक भी मुआवजा नहीं दिया गया है। ऐसे में किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्हाेंने एडीएम विनीत कुमार उपाध्याय को ज्ञापन सौंपकर जमीन का सही मुआवजा देने की मांग की।