- बिजली कटौती के विरोध में किसानों का ककौर कलां के बिजलीघर पर हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
छपरौली। बिजली कटौती के विरोध में किसानों ने ककौर कलां गांव के विद्युत उपकेंद्र पर हंगामा किया। उन्होंने जेई और एसएसओ को बंधक बनाकर उपकेंद्र पर ताला लगा दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीओ से भी किसानों की नोकझोंक हुई। समस्या का जल्द समाधान कराने के आश्वासन पर वह शांत हुए।
ककौर कलां के काफी किसान एकत्र होकर सोमवार को उपकेंद्र पर पहुंचे। किसानों का कहना था कि दो माह से गांव में अघोषित कटौती की जा रही है। भीषण गर्मी में लोगों का बुरा हाल हो रहा है और सिंचाई न होने के कारण फसलें सूख रही है। कई बार अधिकारियों से समस्या का समाधान कराने की मांग की जा चुकी है, मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। खेतों की सिंचाई के लिए केवल 5 से 6 घंटे ही आपूर्ति की जा रही है।
इससे गुस्साए किसानों ने जेई और एसएसओ को बंधक बनाकर उपकेंद्र पर ताला जड़ दिया। इस तरह वहां हंगामा बढ़ता चला गया। इस सूचना पर एसडीओ प्रियांशु गोयल और अन्य जेई गुलशन कुमार मौके पर पहुंचे। किसानों की एसडीओ से काफी देर तक नोकझोंक होती रही। एसडीओ प्रियांशु गोयल ने बताया कि बिजली घर पर दो मशीनें खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। उन्होंने एक सप्ताह के अंदर ही मशीनों को ठीक कराकर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही किसान शांत हुए और वहां से वापस गए। इस दौरान सनोज, महिपाल, विकास, आदित्य, सत्यवान, राजीव शर्मा और उपेंद्र सहित अन्य किसान मौजूद रहे।