रमाला मिल पर अब भी बकाया हैं 37 करोड़ रुपये
11-12 नवंबर तक मिल पेराई सत्र शुरू करने का आश्वासन रहे मिल अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। भले ही रमाला सहकारी चीनी मिल के 45वें पेराई सत्र का शुभारंभ कुछ दिन पूर्व प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मीनारायण ने कर दिया हो, लेकिन नियमित रूप से पेराई सत्र शुरू नहीं होने से किसानों ने नाराजगी जताई।
बीती चार नवंबर को मंत्री लक्ष्मीनारायण ने रमाला चीनी मिल के पेराई सत्र का शुरू किया था। हालांकि अभी नियमित रूप से मिल नहीं चली है। यही कारण है कि अभी तक मिल में एक भी किसान की गन्ने की बोगियां आनी शुरू नहीं हुई हैं। गन्ने की बोगियों, ट्रॉलियों के यार्ड सूने पड़े हैं। किरठल के किसान पुष्पेंद्र चौहान, रमाला के सतेंद्र, सुखवीर, देवेंद्र, कासिमपुर खेड़ी गांव के किसान जयवीर, प्रकाश, देवेंद्र आदि का कहना है कि जल्द से जल्द मिल चालू होना चाहिए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो गेहूं की बुवाई पिछड़ जाएगी। वहीं, इस संबंध में मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी अजय कुमार का कहना है कि अभी मिल शुरू नहीं हो पा रही है। 11 एवं 12 नवंबर के बाद ही मिल शुरू हो पाएगी। फिलहाल इंडेंट जारी कर दिया गया है।