बागपत। घोषणा पत्र जमा नहीं करने वाले 24 हजार किसानों के गन्ना बांड बंद हो सकते हैं। विभाग ने कहा कि घोषणा पत्र जमा न करने पर किसानों का सट्टा जारी नहीं किया जाएगा। गन्ना विभाग ने किसानों को जल्द से जल्द घोषणा पत्र जमा करने के निर्देश दिए हैं। घोषणा पत्र जमा नहीं करने वालों के बांड भी बंद करने की तैयारी है।
जिले में एक लाख 29 हजार किसान पंजीकृत हैं। गन्ना विभाग ने क्रय केंद्रों पर बिचौलियों पर अंकुश लगाने के लिए किसानों को गन्ने का क्षेत्रफल व गन्ने के खेत का गाटा संख्या के साथ एक घोषणा पत्र भरवाने के निर्देश दिए थे। पेराई सत्र शुरू हुए एक सप्ताह से अधिक का समय बीत चुका है, मगर अभी तक 24 हजार किसानों ने घोषणापत्र भरकर जिला गन्ना कार्यालय में जमा नहीं कराए हैं। ऐसे किसानों का सट्टा जारी नहीं किया जाएगा और किसान क्रय केंद्रों पर अपना गन्ना नहीं बेच सकेंगे।
घोषणा पत्र भरने पर ही जारी होता है सट्टा
घोषणा पत्र भरने के बाद ही किसान का सट्टा जारी किया जाता है। घोषणा पत्र न भरने वाले किसानों को सामान्य बढ़ोतरी, अतिरिक्त सट्टा की सुविधा नहीं मिलती है और किसानों का सट्टा अपने आप लॉक हो जाता है।
जनसुविधा केंद्र या मोबाइल से भर सकते हैं घोषणा पत्र
किसान जनसुविधा केंद्र या फिर मोबाइल से भी घोषणा पत्र भर सकते हैं। घोषणा पत्र भरने में पहले खतौनी अपलोड करनी होती थी मगर अब खतौनी अपलोड नहीं करनी है। घोषणा पत्र में केवल गाटा संख्या व क्षेत्रफल भरना होता है।
जिले के 24 हजार किसानों ने घोषणा पत्र नहीं भरे हैं। घोषणा पत्र न भरने वाले किसानों का मिल की ओर से सट्टा जारी नही किया जाएगा।-डॉ. अनिल भारती, जिला गन्ना अधिकारी