छपरौली। गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में साइड लगने पर कुछ युवकों ने किसान पर हमला कर दिया। मामला दो गांवों का जुड़ा होने के कारण तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सूचना पुलिस को दे दी गई है।
शुक्रवार रात शेरपुर गांव का किसान सोनू पुत्र पप्पू गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मलकपुर मिल की ओर जा रहा था। जैसे ही वह द्रोण पब्लिक स्कूल के पास पहुंचा तो सामने से सिलाना गांव का किसान खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आ रहा था। रास्ता संकरा होने के कारण ट्राली आपस में टकरा गई। इसे लेकर दोनों किसानों में गाली-गलौज होने लगी।
ग्रामीणों ने बताया कि सिलाना गांव के किसान ने अपने साथियों को फोन कर दिया। थोड़ी देर बाद ही कुछ लोग गाड़ी से मौके पर पहुंच गए । ट्रैक्टर चालक सोनू के साथ गाली-गलौज करते मारपीट करने लगे। तभी पीछे से गन्ना तौल कर आ रहा लुहार गांव का किसान ब्रह्म सिंह उर्फ लाला पुत्र काले राम बीच-बचाव करने लगा। सिलाना गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर रहे ब्रह्म सिंह उर्फ लाला के पैर में तबल मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि उसी दौरान हवाई फायर भी किया।
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल ब्रह्म सिंह पुत्र काले राम निवासी लुहारा को सीएचसी भेज दिया गया है। दो युवकों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। अभी घटना की कोई तहरीर नहीं आई। तहरीर आने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।