कीड़ा लगने से रुका मक्का के पौधे का विकास, चिंतित हुए किसान
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। जनपद में इन दिनों मक्का की फसल पर फाल आर्मी वर्म का प्रकोप बढ़ने लगा है। इस कारण मक्का के पौधे का विकास रुक गया है। इससे किसानों की चिंताएं बढ़नी शुरू हो गई है।
इस कीट के कारण मक्का का पौधा बीच से ही टूटना शुरू हो गया है। इन पौधों में अब फल लगना किसानों के अनुसार नामुमकिन है। किसान सोहन लाल, कृष्ण, राजेंद्र कुमार, नरेश, मोहन, रणजीत सिंह सहित अन्य ने बताया कि इस बार की मक्का की फसल में कीड़ा लगने से फसल बर्बाद होने लगी है। हजारों रुपयों से खेतों की बुआई, खाद व बीज पर लगाने के बाद वर्तमान में पूरे क्षेत्र में इस कीट के कारण फसल बर्बाद होने लगी है।
इस संबंध में राजकीय बीज भंडार पर तैनात एडीओ कृषि रक्षा नरेशपाल सिंह ने फसल को बचाने के लिए फेम छह एमएल 15 लीटर पानी में और प्रोक्लेम व सुपर 505 को 25 से 30 मिली को 15 लीटर पानी में मिला कर स्प्रे करें। इन किटनाशकों में से किसी भी दवाई का स्प्रे करने से किसानों की फसल बच सकती है।