खेकड़ा। क्षेत्र के ग्राम सांकरौद में खंड स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कबड्डी के पुरुष मुकाबले में ग्राम फखरपुर और महिला मुकाबले में ग्राम बसी की टीम अव्वल रही।
बृहस्पतिवार को उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में युवा कल्याण विभाग और प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में खंड स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबाल, कुश्ती, बैडमिंटन आदि खेल प्रतियोगिता हुई। कबड्डी के पुरुष मुकाबले में ग्राम फखरपुर के खिलाड़ी प्रथम और ग्राम नंगला बड़ी के खिलाड़ी दूसरे स्थान पर रहे। कबड्डी के महिला मुकाबले में ग्राम बसी प्रथम और ग्राम सांकरौद दूसरे स्थान पर रहे। 100 मीटर महिला दौड़ में बुलबुल, अंजलि और खुशी, पुरुष दौड़ में रितन, कालू और सोनू क्रमश: प्रथम द्वितीय और तृतीय रहे।
कुश्ती के 50 किलो पुरुष वर्ग में खिलाड़ी आशीष, लविश ने शानदार प्रदर्शन किया। महिलाओं के 43 किलो वर्ग में वंशिका और 46 किलो वर्ग में रिया और तन्नू विजयी रही। वेट लिफ्टिंग में बुलबुल, नरगिस विजेता रही। इस दौरान एथलेटिक्स कोच धर्मेंद्र प्रताप सिंह, कुश्ती कोच बिंदु खलीफा, प्रधानाचार्य नरेंद्र धामा, शैलेंद्र सिंह, विपिन कुमार, जयप्रकाश, नरेंद्र कुमार, सत्येंद्र धामा, रामकुमार, गौरव कुमार, श्याम सुंदर त्यागी आदि मौजूद रहे।