रमाला। किरठल गांव में एक मकान में फर्जी आधार कार्ड बनाए जाने का भंड़ाफोड़ हुआ है। पुलिस ने वहां से एक आरोपी ओसिक्का गांव के अरमान को गिरफ्तार किया तो मकान मालिक फरार हो गया। वहां से काफी फर्जी आधार कार्ड और उनको बनाने का सामान बरामद किया गया है।
एसपी अर्पिज विजयवर्गीय के अनुसार किरठल में फर्जी आधार कार्ड बनाए जाने की सूचना कई दिन से मिल रही थी। पुलिस ने शनिवार को किरठल गांव के एक मकान में छापा मारकर ओसिक्का गांव के अरमान को फर्जी आधार कार्ड बनाते हुए पकड़ा। पुलिस ने उसके पास से 18 फर्जी आधार कार्ड, दो फर्जी रसीद, एक लैपटॉप, एक प्रिंटर, आई स्कैनर, फिंगर स्कैनर, वैब कैमरा, टेबल लैंप, एक आई फोन बरामद किया है। पूछताछ में उसने बताया कि वह अब तक करीब 600 फर्जी आधार कार्ड बना चुका है। पहले से बनाए गए आधार कार्ड में जन्म तिथि, पता व अन्य बदलाव करके फर्जी कार्ड बनाने के लिए 300 रुपये लेता था। इसके अलावा कोई अपने बच्चे का आधार कार्ड बनवाना चाहता था तो उसका पहले फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाते थे और उसके आधार पर फर्जी आधार कार्ड बना देते थे। इसके लिए एक हजार रुपये लिए जाते थे। पुलिस के अनुसार मकान मालिक को प्रत्येक आधार कार्ड पर वह कमीशन देता था। पुलिस का कहना है कि मकान मालिक फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
-
नहीं रहता था कोई रिकार्ड, गांवों में प्रचार करके लोगों को फंसाया
पुलिस के अनुसार आरोपी ने किरठल के अलावा आसपास के गांवों में प्रचार करके आधार कार्ड में बदलाव करने और नए बनवाने के लिए लोगों को फंसाया। इस तरह करीब 600 लोग उसके झांसे में आ चुके हैं। वह जिन आधार कार्ड में जन्मतिथि और पता बदलता था, उनका रिकार्ड वेबसाइट पर नहीं रहता था। इस बारे में लोगों को नहीं पता था और उनको कई जगह आधार कार्ड जमा करने पर इस बारे में पता चला तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।