बागपत। जिला स्तर पर यूपी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी शुरू हो गई है। परीक्षा शांतिपूर्ण कराने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। 17 जनवरी को कंट्रोल रूम का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को 17 जनवरी तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से यूपी बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। परीक्षा कार्यक्रम घोषित होने पर जिला स्तर पर भी परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी गई है। बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण व नकलविहिन कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाकर परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जाएगी।
जिले में परीक्षा के लिए 43 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 31669 छात्र-छात्राएं हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा देंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम का 17 जनवरी को पूर्वाभ्यास किया जाएगा। इस बारे में सभी केंद्र व्यवस्थापकों को पत्र जारी कर 17 जनवरी तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।