जल्द वापस नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
बड़ौत। ई-ट्रेडिंग के विरोध में बृहस्पतिवार को नगर में शिव मंदिर सिंचाई विभाग डाक बंगले के पास भूतपूर्व सैनिकों की बैठक हुई। इसमें भूतपूर्व सैनिकों ने ई ट्रेडिंग प्रणाली का विरोध किया। उन्होंने कहा यदि सरकार ने प्रदेश में ई ट्रेडिंग लागू की तो भूतपूर्व सैनिक आंदोलन करने को मजबूर होंगे
इस बैठक की अध्यक्षता बलजोर सिंह ने की। संचालन भूतपूर्व सैनिक सुखदेव पंवार ने किया। इसमें बरवाला, बड़ौत, ककडीपुर, छपरौली, किरठल, लुहारी, मलकपुर, बावली, आदर्श नंगला, असारा, लूंब, तुगाना, शबगा आदि बिजलीघरों में तैनात सुरक्षा कर्मी एवं भूतपूर्व सैनिक शामिल रहे। इसमें वक्ताओं ने कहा ई- ट्रेडिंग प्रणाली कतई बर्दास्त नहीं की जाएगी, चाहे भूतपूर्व सैनिकों को सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन ही क्यों ना शुरू करना पड़े। उन्होंने कहा कि अब तक भूतपूर्व सैनिक उत्तर प्रदेश सरकार के उपक्रम के आधीन थे, अब ई - ट्रेडिंग प्रणाली शुरू कर दी है। इससे भूतपूर्व सैनिक आक्रोशित है और कभी भी आंदोलन शुरू कर सकते हैं। इसमें सुनील तोमर, अजय तोमर, गजेंद्र सिंह, ओमवीर तोमर, ब्रजेश कुमार, लोकेंद्र नैन, सतेंद्र पंवार, कपिल राणा, वेदपाल, सुधीर प्रधान, प्रवीण तोमर आदि रहे।