कुश्ती प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटी कस्बे की एरिका खोखर
- फोटो : BAGHPAT
छपरौली। कस्बे के इंटर कॉलेज की छात्रा ने तीन अलग-अलग कुश्ती प्रतियोगिता में पदक जीतकर कस्बे का नाम रोशन किया है।
कस्बे की धंधान पट्टी की एरिका खोखर पुत्री निर्दोष ने 19 अगस्त को हल्द्वानी उत्तराखंड में हुई नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता में 46 किग्रा भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। 28 अगस्त को मुजफ्फरनगर में हुई एक दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता में उसने सिल्वर पदक जीता। तीन सितंबर चौधरी चरणसिंह विवि मेरठ में आयोजित हुई एक दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता में भी उसने सिल्वर जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। एरिका कस्बे के श्री शांतिसागर जैन गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा-11 की छात्रा है। कस्बे की आर्य व्यायामशाला में कृष्णपाल खलीफा और कोच धर्मेंद्र भूरा के नेतृत्व में चार साल से तैयारी कर रही है।
एरिका अब तक सात स्वर्ण पदक, पांच रजत पदक और दो कांस्य पदक जीत चुकी है। उनके पिता निर्दोष ने बताया कि वह 2021 में इंदिरा गांधी स्टेडियम में हुई कुश्ती प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल और अक्तूबर 2021 में बड़ौत में हुई स्टेट कुश्ती चैंपियनशिप में गोल्ड जीत चुकी है। उसके पदक जीतने पर उसके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।