बालैनी (बागपत)। एक साल से से भी ज्यादा समय से जिस पत्नी की हत्या का कलंक उसका पति झेल रहा था, वह अपने प्रेमी संग कोर्ट मैरिज कर लोनी गाजियाबाद में रह रही थी। इसका पता चलने पर पुलिस महिला को लेकर थाने पहुंची और उससे पूछताछ की। महिला ने बताया कि वह अपने दूसरे पति के साथ खुश है और उसी के साथ रहना चाहती है। इसके बाद पुलिस उसे वापस लोनी छोड़ आई। पुलिस हत्या के मामले में अंतिम रिपोर्ट लगाने की तैयारी कर रही है।
महिला के पति गांव अमीपुर बालैनी निवासी बिजेंद्र ने बताया कि 18 मई 2021 को वह अपनी गाड़ी से मेरठ सब्जी मंडी गया था। वापस आया तो उसकी पत्नी पूजा घर पर नहीं मिली तो उसने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पूजा के भाई नोएडा के गांव सोरखा निवासी कालूराम ने 27 मई 2021 को थाना बालैनी पर बिजेंद्र के खिलाफ पूजा की हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई। बाद में बिजेंद्र ने गिरफ्तारी के खिलाफ हाईकोर्ट से स्टे ले लिया था।
सीओ खेकड़ा विजय चौधरी ने बताया कि पूजा के लोनी के इंद्रापुरी क्षेत्र में रहने की सूचना मिली। पुलिस वहां से उसे लेकर थाने पहुंची। उसने ढिकौली निवासी अनुज के साथ कोर्ट मैरिज कर ली है। अनुज इस समय एक मुकदमे में डासना जेल में बंद है। उसके खिलाफ और भी कई मामले दर्ज हैं।
पुराने मोबाइल में डालकर चलाया हुआ था नया सिम
पूजा को बिजेंद्र के एक रिश्तेदार ने लोनी में देख लिया था और उसने बिजेंद्र को इसकी जानकारी दी। पूजा ने घर से जाने के बाद अपने मोबाइल का सिम निकालकर फेंक दिया था और उसके मोबाइल में तब कोई अन्य सिम भी नहीं चल रहा था। इसलिए जांच में उसका कुछ पता नहीं चला। लेकिन बाद में उसने पुराने मोबाइल में नया सिम डाल लिया था। बिजेंद्र से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोबारा सर्विलांस टीम से मदद ली तो उसके नए ठिकाने का पता चल गया।
मुकदमे की पैरवी में बिक गई तीन बीघा जमीन
बिजेंद्र गाड़ी चलाता है और उसकी शादी 12 साल पहले सोरखा निवासी पूजा से हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं, जिनका पालन पोषण वह कर रहा है। हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह लगातार अपने बचाव के लिए भागदौड़ कर रहा था। उसने बताया कि मुकदमे की पैरवी करने में उसकी तीन बीघा जमीन बिक गई है।
ससुराल वालों पर करूंगा मानहानि का मुकदमा: बिजेंद्र
बिजेंद्र का कहना है कि पत्नी के लापता होने के बाद वह खुद भी पुलिस के साथ मिलकर उसकी तलाश करा रहा था, लेकिन ससुराल वालों ने उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया। इससे वह काफी परेशान हुआ और गांव में बदनामी भी हुई। अब ससुराल वालों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज करूंगा।
बागपत : बालैनी थाने में पिता के साथ लोनी से बरामद महिला पूजा।- फोटो : BAGHPAT