बागपत। नगर पालिका और पंचायतों के लिए अध्यक्ष के साथ ही सभासद पद के नामांकन सोमवार से शुरू होंगे। बागपत, बड़ौत और खेकड़ा तीनों तहसील में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नामांकन कराए जाएंगे। नामांकन स्थलों का अधिकारियों ने रविवार को निरीक्षण किया।
जिले में चुनाव दूसरे चरण में होने हैं, जिसके लिए सोमवार से नामांकन शुरू होंगे। इसको देखते हुए ही डीएम राजकमल यादव और एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने तहसीलों में नामांकन कक्ष का निरीक्षण किया। इसके साथ ही बैरिकेडिंग व्यवस्था को देखा और सीसीटीवी कैमरे सही तरीके से लगवाने के निर्देश दिए।
तहसील में कोई भी प्रत्याशी नामांकन करने आएगा तो वह कैमरे की नजर में रहेगा। नामांकन करने आने वाले प्रत्याशी के साथ अन्य तीन लोग अंदर जाएंगे, जिनमें एक प्रस्तावक, एक एजेंट, एक अन्य व्यक्ति रहेगा। डीएम ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी।
एडीएम प्रतिपाल चौहान व एएसपी मनीष कुमार मिश्र ने खेकड़ा तहसील में बैरिकेडिंग व्यवस्था का जायजा लिया। एसडीएम को मुख्य द्वार पर कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
तीनों तहसील में इस तरह होंगे नामांकन
- बागपत तहसील में बागपत नगर पालिका, अग्रवाल मंडी टटीरी नगर पंचायत, अमीनगर सराय नगर पंचायत के नामांकन होंगे।
- बड़ौत तहसील में बड़ौत नगर पालिका, छपरौली नगर पंचायत, दोघट नगर पंचायत, टीकरी नगर पंचायत के नामांकन होंगे।
- खेकड़ा तहसील में खेकड़ा नगर पालिका के अलावा रटौल नगर पंचायत के नामांकन कराए जाएंगे।
डीएम और एसपी ने शहर पैदल मार्च किया
डीएम और एसपी ने चुनाव के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बागपत शहर में पैदल मार्च किया। वह शौकत मार्केट, पांडव रोड, बड़ा बाजार, गांधी मार्केट, कोर्ट रोड आदि जगहों पर पहुंचे। इन सभी जगह पर पुलिस ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा है।