अवैध कब्जे हटवाने पहुंची टीम से भिड़ गए ग्रामीण
मामला बढ़ता देख पुलिस को बुलाया, फिर हटाया गया अतिक्रमण
बड़ौत। बिराल व मांगरौली गांव में स्थित तालाबों पर वर्षों से हुए अतिक्रमण को तहसील की टीम ने बुधवार को हटवा दिया। इस दौरान टीम को ग्रामीणों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को संभाला।
एसडीएम दुर्गेश मिश्र के निर्देश पर बुधवार को तहसीलदार प्रदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने पहले बिराल पहुंचकर तालाब पर पहुंचे और अवैध कब्जे हटवाए। टीम ने तालाब पर बने अवैध निर्माण तोड़ने शुरू किए तो ग्रामीणों ने विरोध करना शुरू कर दिया। लोगों ने बताया कि वह वर्षों से यहां रह रहे हैं। तालाब की भूमि पर कोई कब्जा नहीं है। मामला बढ़ता देख पुलिस को मौके पर बुलाया गया। जिसके बाद अतिक्रमण को हटवाया गया। इसके बाद टीम मांगरौली पहुंची और तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराया। तहसीलदार प्रदीप कुमार ने बताया कि बिराल गांव में तालाब संख्या 435 रकबा .5440 हेक्टेयर पर डेढ़ बीघा रकबे पर लोगों ने निर्माण करके कब्जा कर रखा था। मांगरौली में तालाब संख्या 500 रकबा 09490 हेक्टेयर पर दो बीघा रकबे पर कब्जा था। अब तालाब पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा दिए गए हैं।