बड़ौत। नगर की सड़कों पर अतिक्रमण है। जिसके कारण दिन निकलते ही नगर की सभी सड़कें जाम से जूझनी शुरू हो जाती हैं। कई बार अतिक्रमण के खिलाफ अभियान की योजना बनी, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के कारण योजना फाइलों में ही कैद होकर रह गई। अतिक्रमण व जाम को लेकर जनता नगर पालिका प्रशासन और पुलिस को ही जिम्मेदार ठहरा रही है।
नगर में दिल्ली बस स्टैंड, कोताना रोड, खत्री गढ़ी, अजित नाथ मंदिर, बावली रोड सहित अधिकतर मार्गों पर अतिक्रमण है। जिसके कारण जाम लगा रहता है। अनेक सामाजिक संगठन व वरिष्ठ नागरिकों ने जाम व अस्थाई अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने के लिए अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस संबंध में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी से बात की तो उन्होंने अतिक्रमण की समस्या को माना तो लेकिन जनता को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए उच्च अधिकारियों से बात करने का बहाना करके टाल गए।