मतदाता पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाए कर्मचारी
खेकड़ा (बागपत)। एसडीएम ने सभी बीएलओ को मतदाता पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए और लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इन दिनों मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम चल रहा है। एसडीएम राजपाल सिंह ने बृहस्पतिवार को खेकड़ा तहसील सभागार में शहर के सभी बीएलओ की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि जो लोग स्थान छोड़कर चले गए हैं, उनके नाम सूची से हटा दिए जाएं। बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करें। विशेष अभियान के दिनों में पोलिंग बूथ पर उपस्थित रहकर लोगों के आवेदन प्राप्त करें। कहा कि पुनरीक्षण कार्य को तेजी से पूरा किया जाए। जो कर्मचारी इसमें लापरवाही बरतेगा उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।