नगर पालिका में शामिल गांवों में शहर के शेड्यूल से मिलेगी बिजली
बागपत। नगर पालिका का सीमा विस्तार करते हुए शामिल किए गए तीनों गांवों सिसाना, पाली, नया गांव हमीदाबाद में जल्द शहर के शेड्यूल से बिजली आपूर्ति होगी। इसके लिए सांसद प्रतिनिधि प्रदीप ठाकुर ने डीएम को पत्र सौंपकर शेड्यूल बदलवाने की मांग रखी थी। ऊर्जा निगम ने शहर के शेड्यूल से बिजली आपूर्ति के लिए फीडर बदलने के लिए लेकर कार्य शुरू कर दिया है।
सरकार ने नगर पालिका बागपत का सीमा विस्तार किया है और इसमें सिसाना, पाली व नयागांव को जोड़ा गया है। जहां अभी तक इन गांवों में 18 घंटे के शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति हो रही थी। वहीं, अब इन गांवों में जिला मुख्यालय के 24 घंटे शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति के लिए सांसद प्रतिनिधि प्रदीप ठाकुर ने डीएम को पत्र सौंपा। डीएम राजकमल यादव ने वह पत्र ऊर्जा निगम के अधिकारियों को भेज दिया। ऊर्जा निगम के एक्सईएन अमर सिंह ने बताया कि इसके लिए तीनों गांवों को शहर के फीडर से जोड़ना पड़ेगा। जिसमें थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन इसकी प्रक्रिया जल्द पूरी करने का प्रयास किया जाएगा। जिससे गांवों में शहर के शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति हो सके।