बड़ौत। शहर में सोमवार को बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। सूचना देने के 20 घंटे बाद भी फुका हुआ 400 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। जिससे पूरी रात 500 से अधिक घरों मेें अंधेरा छाया रहा। उपभोक्ता निगम के सरकारी नंबर पर फोन करते रहे। किसी ने फोन तक रिसीव नहीं किया, मजबूरन आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया।
गुराना रोड पर रखा 400 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर रविवार की रात फुक गया। तभी उपभोक्ताओं ने इसकी सूचना निगम के अफसरों को दी, लेकिन सोमवार दोपहर तक भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। उपभोक्ता बार-बार निगम का सरकारी नंबर व विभागीय अफसरों को फोन मिलाते रहे, लेकिन किसी ने फोन तक रिसीव नहीं किया। मजबूरन सभासद प्रमोद शर्मा के नेतृत्व में महिलाएं व पुरुष सड़क पर उतर आए और निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। सभासद प्रमोद शर्मा ने बताया कि गर्मी का सीजन शुरू होते हुए निगम के कर्मचारियों व अधिकारियों की मनमानी बढ़ गई है। उपभोक्ताओं से पूरे माह का बिजली बिल तो वसूला जा रहा है, लेकिन बिजली सप्लाई पूरी तरह से धड़ाम है। उधर 20 घंटे बिजली गुल रहने से उपभोक्ता गर्मी से बिलबिला उठे, उन्हें पेयजल व्यवस्था के लिए बाल्टी आदि लेकर हैंडपंप से पीने के पानी की व्यवस्था करनी पड़ी। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी की यदि निगम की मनमानी ऐसे ही जारी रही, तो इस बार आंदोलन किया जाएगा। गांधी रोड, नेहरू रोड पर भी पूरे दिन बिजली गायब रही। जेई गुलशन कन्नौजिया का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना प्राप्त हुई थी, तत्काल प्रभाव से ट्रांसफार्मर रख दिया गया है, कुछ कर्मचारियों ने लापरवाही की है, उन्हें हिदायत दी गई है। हंगामा व चेतावनी देने वालों में कपिल, कमल, प्रेरित, हर्ष, कमलेश, ममता ,मोनिका, सूरज, जयप्रकाश आदि शामिल रहे।