बागपत। तेज हवा ने बृहस्पतिवार शाम को गांवों में लोगों की परेशानी बढ़ा दी। जिससे कई जगहों पर तार आपस में टकराने पर लाइनों में फाल्ट हो गया तो कुछ जगहों ट्रांसफार्मरों में फाल्ट आने से बागपत के कुछ हिस्से समेत 40 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जिस कारण शुक्रवार सुबह लोगों को पेयजल के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
जिले में बृहस्पतिवार शाम को अचानक मौसम में बदलाव होने पर तेज हवा चलने के साथ ही बूंदाबांदी हुई थी। जिससे बागपत शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। विद्युत निगम के कर्मियों ने कुछ देर बाद ही आपूर्ति सुचारू कर दी।
अर्जुनपुरम काॅलोनी में लगा ट्रांसफार्मर में तेज धमाके हुआ और उसके आसपास झाड़ियों व कूड़े के ढेर में आग लग गई। जिससे वहां आधी रात तक आपूर्ति ठप रही और कर्मियों ने ट्रांसफार्मर को ठीक किया तो करीब सात घंटे बाद आपूर्ति शुरू हो सकी।
उधर गौरीपुर जवाहरनगर, अग्रवाल मंडी टटीरी, बिचपड़ी, बुढेड़ा, गाधी, सूजरा, क्यामपुर, अहमदपुर गठीन, निबाली समेत 40 गांवों में लाइन व ट्रांसफार्मरों में फाल्ट आने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
जिसे विद्युत निगम के कर्मियों ने रात में ठीक नहीं कराया। जिस कारण रातभर बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई। बिजली आपूर्ति ठप होने से शुक्रवार सुबह पेयजल की सप्लाई भी नहीं दी जा सकी।
हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा
रातभर बिजली आपूर्ति ठप रहने से पेयजल की समस्या बन गई। क्योंकि गांवों में अधिकतर के घर सबमर्सिबल लगे हुए हैं। जिस कारण ग्रामीणों को हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा। हैंडपंप से पानी लाकर घरों में जरूरी कार्य किए गए।
-
गांवों में 16 घंटे से अधिक समय ठप रही आपूर्ति
गौरीपुर गांव के रहने वाले मोहित, विकास, संजय आदि ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे आंधी आने के बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। जो रातभर ठप रही। उन्होंने बताया कि सुबह विद्युत निगम के कर्मियों को फोन कर बुलाया गया और शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे बिजली आपूर्ति शुरू हुई। जिसके चलते अधिकांश गांवों में 16 घंटे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही।
रात में करते रहे फोन, लेकिन नहीं आये कर्मचारी
तेज हवा चलने के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली लाइन ठीक कराने और आपूर्ति चालू कराने के लिए कई बार ऊर्जा निगम के कर्मचारियों को फोन किया, लेकिन कर्मचारी नहीं आये। जिस कारण परेशानियों का सामना करना पड़ा। - मोनी चौहान
पेयजल के लिए करनी पड़ी मशक्कत
बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण पेयजल के लिए मशक्कत करनी पड़ी। बिजली नहीं आने के कारण सबमर्सिबल भी नहीं चल पाए। जिस कारण कुछ ग्रामीणों ने अपने घरों में जनरेटर चलाकर पेयजल व्यवस्था की तो कुछ ग्रामीणों को हैंडपंप से पानी लाना पड़ा। - रूपेश, संतोषपुर
कोट...
-तेज हवा चलने के कारण कुछ गांवों में तार टूटने और ट्रांसफार्मर में फाल्ट होने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। सुबह होते ही कर्मियों को भेजकर बिजली आपूर्ति चालू करा दी गई। - अमर सिंह, अधिशासी अभियंता, विद्युत निगम