बागपत। जिले में किसी भी सीएचसी पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं है। वहां आने वाले मरीजों को जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। अस्पताल भी अल्ट्रासाउंड कराने में परेशानी झेलनी पड़ती है और इसलिए ही मरीज निजी केंद्रों पर अल्ट्रासाउंड करा रहे हैं। जिससे उनकी जेब ढीली हो रही है।
जिले में बागपत, बड़ौत, सरुरपुर कलां, टीकरी, पिलाना, छपरौली, बिनौली और डौला में सीएचसी है। इनमें से किसी भी सीएचसी पर मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिल रही है।
सीएचसी पर आने वाले मरीजों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया जाता है। सबसे अधिक परेशानी ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को उठानी पड़ती है। दूर दराज के मरीजों को जिला अस्पताल आने के बजाय प्राइवेट सेंटर पर अल्ट्रासाउंड कराने के लिए अपनी जेब ढीली करनी पड़ रही है।
लोगों को प्राइवेट सेंटरों का लेना पड़ रहा सहारा
- सीएचसी पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने से प्राइवेट सेंटरों पर अल्ट्रासाउंड कराने के लिए विवश होना पड़ता है, जिससे परेशानी का सामना करना पड़ता है। - नीरज कुमार, अग्रवाल मंडी टटीरी
- सीएचसी पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिल रही है। मरीजों को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए जिला अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ती है। - रवि कुमार, बड़ौत
- सीएचसी पर अल्ट्रासाउंड न होने से मरीजों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया जाता है। लोगों की प्राइवेट सेंटर पर जेब ढीली करनी पड़ रही है। - ईश्वर यादव, सिंघावली अहीर
कोट..
- सीएचसी पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं है। विभाग की ओर से केवल गर्भवती महिलाओं को ही अपने खर्च पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। अन्य मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया जाता है। - विभाष राजपूत, सीएचसी अधीक्षक