बागपत। छुट्टी के दिन बिजली ने लोगों को खूब रुलाया। कहीं ट्रांसफार्मर खराब होने से दस घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही तो कहीं दिनभर कट लगते रहे। बिजली आपूर्ति ठप रहने से पानी की सप्लाई भी नहीं हो सकी, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सिसाना रोड पर पक्का तालाब के पास रखे ट्रांसफार्मर में रविवार सुबह करीब आठ बजे फाल्ट हो गया। जिससे सिसाना रोड, पुरानी तहसील मोहल्ला, नौरोजपुर रोड समेत अन्य कई जगह बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
विद्युत निगम के कर्मी कई घंटे बाद उसे ठीक करने पहुंचे, लेकिन वह शाम तक भी ठीक नहीं किया जा सका। जिसके बाद करीब आठ बजे दूसरा ट्रांसफार्मर लाकर लगाया गया। इसके अलावा भी शहर में रविवार को दिनभर अघोषित कट लगते रहे। पहले सुबह करीब दस बजे कट लगाया गया तो एक घंटे बाद आपूर्ति शुरू हो सकी। उसके बाद करीब 12 बजे कट लगने पर डेढ़ घंटे बाद आपूर्ति हुई। शाम को साढ़े पांच बजे भी कई घंटे का अघोषित कट लगा।
--
पानी की सप्लाई नहीं हो सकी
सिसाना रोड पर लगे ट्रांसफार्मर के पास ही नगर पालिका का पेयजल सप्लाई के लिए लगा ट्यूबवेल रविवार शाम को नहीं चल सका, जिससे पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। कोर्ट रोड, पुरानी तहसील मोहल्ला, भजन विहार, कश्यप कालोनी, ईदगाह कालोनी, नौरोजपुर रोड, बड़ा बाजार समेत अन्य जगहों पर पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। इससे लोगों को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी।
--
शहरी क्षेत्र में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति देने का शेड्यूल है, लेकिन यहां आए दिन बिजली गायब रहती है। गर्मी बढ़ते ही कट शुरू हो जाते है। रविवार को दिन में कई बार घंटों तक विद्युत आपूर्ति ठप रहने से गर्मी से बेहाल हो गए। - राजू चौहान
--------
विद्युत आपूर्ति ठप होने से इन्वर्टर भी ठप हो गए। दिनभर आपूर्ति शुरू होने का इंतजार करते रहे, लेकिन देर शाम को बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी। शेड्यूल के अनुसार शहरी क्षेत्र में आपूर्ति दी जाए। - डॉ. मनीष
----
कई बार कट लगने से परेशानी उठानी पड़ रही है। लाइन में फाल्ट होने के कई घंटे बाद कर्मचारी ठीक करने जाते हैं, जिन्हें जल्दी ठीक कराया जाए। क्योंकि इस कारण पानी की आपूर्ति भी ठप हो जाती है। - नीरज वर्मा
------
विद्युत कटौती होने पर पानी की किल्लत का सामना करना पड़ता है। रविवार सुबह से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से शाम को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ी। - किरण देवी
कोट
-पक्का तालाब के पास लगे ट्रांसफार्मर के खराब होने के कारण कई घंटे आपूर्ति बाधित रही। अन्य जगहों पर कट क्यों लगाए गए, इसका पता कराया जाएगा। किसी जगह लाइन में फाल्ट आता है, तो उसको टीम भेजकर तुरंत ठीक करा दिया जाता है। - अमर सिंह, एक्सईएन।