गुराना रोड पर खराब ट्रांसफॉर्मर को उठाती जेसीबी मशीन
बड़ौत। गुराना रोड पर रखा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर मंगलवार रात ओवरलोड के चलते फुंक गया, जिस कारण लगभग 450 से अधिक घरों की बिजली गुल हो गई। पूरी रात लोग गर्मी से जूझते रहे। लगातार शिकायतों के बावजूद विद्युत निगम के अफसरों ने आपूर्ति सुचारु नहीं की। बुधवार को लोगों ने विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। दोपहर बाद आपूर्ति सुचारु हो सकी।
लोगों ने बताया कि यह ट्रांसफार्मर काफी समय से ओवरलोड चल रहा है, कई बार इसकी क्षमता वृद्धि किए जाने को लेकर विद्युत निगम के अफसरों तक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। मंगलवार रात लगभग साढ़े दस बजे ओवरलोड के चलते ट्रांसफार्मर फुंकने से इससे जुड़ी नेहरू रोड, रामा काॅलोनी, गुराना रोड, न्यू जैन नगर के लगभग 450 से अधिक घरों की बिजली गुल हो गई। बिजली गुल हो जाने के कारण लोगों के घरों में रखे इन्वर्टर तक जवाब दे गए।
पूरी रात घर में महिलाएं, बच्चे ओर बुजुर्ग गर्मी से बेहाल रहे, लेकिन विद्युत निगम के अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक किसी ने फोन रिसीव करना तक उचित नहीं समझा। आरोप लगाया कि पहले भी इस ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी जा जाने से रिपेयर के नाम पर खानापूर्ति बरती गई, तभी ट्रांसफार्मर फुंक गया।
उधर बिजली गुल हो जाने से पेयजल संकट गहरा गया। बाद में आक्रोशित प्रमोद शर्मा, चिंटू, दीपक, सुधा, पिंकी आदि ने नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया। उधर अधिशासी अभियंता द्वितीय केपी पूरी ने बताया कि ट्रांसफार्मर फुंक गया था, जिसकी जगह दूसरा ट्रांसफार्मर लगवा दिया गया था।