बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित ओमनगर काॅलोनी में विद्युत लाइन के तार लोगों के सिर पर मौत बनकर झूल रहे हैं। जिससे राहगीर हमेशा भयभीत रहते हैं, लेकिन बार-बार शिकायत किए जाने के बाद भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे है। इसको लेकर काॅलोनी वासियों में रोष व्याप्त है।
लोगों ने कहा कि काॅलोनी में मकानों के सामने तथा उसके ऊपर से गुजरने वाले तार लोगों के सिर पर मौत बनकर झूल रहे हैं। बारिश में विद्युत लाइन व खंभों में करंट प्रभावित भी होते हैं, जिससे राहगीर हमेशा भयभीत रहते हैं। क्योंकि लटक रहे तारों में हवा का झोंका आने पर फाल्ट की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। देवराज ने बताया कि इस संबंध में कई बार अवर अभियंता, सहायक अभियंता और अधिशासी अभियंता को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द लटके हुए तारों को ठीक नहीं कराया गया, संबंधित बिजली कार्यालय पर धरना शुरू कर देगें। एक्सईएन प्रथम दुर्गेश कुमार जायसवाल ने कहा कि अवर अभियंता को भेजकर जांच करा ली जाएगी, जांच के बाद लटके हुए तारों को ऊपर खिंचवा दिया जाएगा। इस अवसर पर देवेन्द्र, प्रमोद, जयवीर, सुरेन्द्र, मनोज शामिल रहे।