रेलवे स्टेशन परिसर मे कार्य में जुटी जेसीबी।
- फोटो : KAHKRA
खेकड़ा (बागपत)। दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेल मार्ग पर अप्रैल 2020 से इलेक्ट्रिकट्रेनें दौडे़ंगी। प्रथम चरण में लोनी से बड़ौत तक इलेक्ट्रिक ट्रेन का संचालन शुरू कराने का लक्ष्य रखा गया है। रेलवे ने बुधवार से रेल लाइन के विद्युतीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। इलेक्ट्रिक ट्रेनों के चलने से यात्रियों की सुविधाओं में बढ़ोत्तरी होगी।
कई साल से बागपत जिले के लोग दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेल मार्ग के विद्युतीकरण और दोहरीकरण कराने की मांग कर रहे हैं। अब जिलेवासियों की यह मांग पूरी होने जा रही है। रेलवे ने बुधवार से खेकड़ा रेलवे स्टेशन पर विद्युतीकरण का कार्य शुरू करा दिया। दिल्ली से पहुंचे रेलवे के इंजीनियरों ने खेकड़ा स्टेशन पर जनरेटर रूम, बैटरी रूम, सिग्नल ऑपरेटिंग रूम आदि बनाने का कार्य शुरू किया। कार्यदायी संस्था आशीर्वाद कंपनी पानीपत के अधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि अप्रैल 2020 से इस रेल मार्ग पर बड़ौत तक इलेक्ट्रिक ट्रेन का संचालन कराने का लक्ष्य है। लोनी तक तो इलेक्ट्रिक ट्रेनें चलाई जा रही है। इसी का विस्तार करने के लिए रेलवे ने यह कार्य शुरू कराया है। इसके तहत बड़ौत, शामली और सहारनपुर में टपरी रेलवे स्टेशन तक का विद्युतीकरण का कार्य होना है। रेलवे लाइन के दोनों तरफ इलेक्ट्रिक पोल और विद्युत लाइन बिछाने का कार्य शुरू करा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक ट्रेनों के संचालन से दिल्ली तक का सफर आसान हो जाएगा। उधर, विद्युतीकरण कार्य शुरू होने से रेल यात्रियों में खुशी की लहर है।