बड़ौत के दयानंद स्कूल में चस्पा मतदाता सूची को दिखाते चुनाव अधिकारी सुशील चौधरी। स्रोत स्वंय
बागपत, बड़ौत। नगर के दिगंबर जैन इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति के चुनाव कराने के लिए 12 साल बाद प्रक्रिया शुरू की गई है। जहां सोमवार को मतदाता सूची को नोटिस बोर्ड पर चस्पा किया गया, जिसमें 5600 आजीवन सदस्य हैं जो मतदान करेंगे। 16 मार्च को मतदान व इसके बाद मतगणना का कार्यक्रम जारी किया गया है। प्रबंध समिति का चुनाव आखिरी बार 2012 में कराया गया था। इस दौरान प्रबंध समिति के अध्यक्ष सुखमालचंद जैन, सचिव पद पर सतीश जैन व प्रबंधक हरीश मोहन समेत 12 सदस्यीय कार्यकारिणी निर्वाचित घोषित की गई थी। मतदान में 1350 मतदाताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया था। इसके बाद समिति के चुनाव समय पर नहीं कराने के कारण प्रबंध समिति 2018 में कालातीत हो गई थी।
चुनाव अधिकारी सुशील चौधरी ने बताया कि मतदाता सूची में 5600 आजीवन सदस्य हैं। जहां सोमवार को नगर के दयानंद बाल विद्या मंदिर में मतदाता सूची को नोटिस बोर्ड पर चस्पा किया गया है। मंगलवार को सूची पर आपत्ति का अंतिम दिन था, जहां दो आपत्ति आई है और उनको जल्द निस्तारित किया जाएगा।
- 23 फरवरी को नामांकन व 16 मार्च को होगा मतदान
चुनाव अधिकारी ने बताया कि 20 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। 23 फरवरी से नामांकन, 25 फरवरी को नामांकन पत्राें पर आपत्ति, इसके बाद जांच व 26 फरवरी को नामांकन पत्रों की वापसी। इस दिन चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा। यदि जरूरी हुआ तो 16 मार्च को मतदान होगा और इस दिन मतगणना के उपरांत परिणाम घोषित किया जाएगा।