- गांवों में कम नहीं हो रहा बुखार का कहर, लगातार हो रही मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। विनयपुर गांव में बुखार से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है और 20 से अधिक लोग बुखार से पीडि़त है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में दवा का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है। जिससे बुखार का प्रकोप बढ़ रहा है।
विनयपुर गांव में राजपाल की पत्नी रामबती (70) पिछले एक सप्ताह से बुखार से पीडि़त थी। उसका निजी चिकित्सक के यहां उपचार चल रहा था। उसकी तबीयत ज्यादा खराब होने पर परिजनों ने उसे गाजियाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दो दिन पहले महिला के पोते की सगाई का कार्यक्रम होने पर परिजन उसे अस्पताल से ले आए थे। घर आने पर उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे शुक्रवार को अस्पताल लेकर जा रहे थे। महिला ने रास्ते में ही दम दोड़ दिया।
गांव के मनीष, शाहरुख खान, बिल्लू ने बताया कि गांव में बुखार के कारण लोगों की मौत हो रही है और बीस से अधिक लोग बुखार से पीडि़त हैं। उन्होंने बताया कि गांव के यशपाल, मोनिका, विशाल, अवनीश, अंकित, शोभित, दृष्टि, यसवी, सूर्य, पूजा, गीता, लक्ष्मी, सरला, अनिल, राहुल, ममता, रोहताश, रामेश्वरी, सुरेंद्र, कमलेश, मनोज बुखार से पीडि़त है। ग्रामीणों का कहना है कि मांग करने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव में न दवा का छिड़काव कराया गया है और न ही शिविर लगवाया गया है।
- स्वास्थ्य केंद्र भी बन गया खंडहर
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के स्वास्थ्य केंद्र पर दस साल से स्टॉफ की नियुक्ति नहीं की गई है। देख-रेख के अभाव में उपकेंद्र खंडहर बन गया है। लोगों को गांव में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों को इलाज कराने के लिए खेकड़ा, लोनी, गाजियाबाद या फिर दिल्ली जाना पड़ता है।
- वर्जन - बुखार से महिला की मौत के बारे में सूचना नहीं है। शनिवार को गांव में टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। गांव में शिविर लगाकर लोगों की जांच कराई जाएगी और दवा का छिड़काव भी कराया जाएगा। - डॉ. महावीर सिंह, सीएमओ
विनयपुर निवासी बुखार से पीड़ित आराध्या
विनयपुर निवासी बुखार से पीड़ित आराध्या