बड़ौत की बिनौली रोड़ पर डग्गामार वाहन में यात्रा करते यात्री ।
बड़ौत। बरसात से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से रेलवे प्रशासन ने बुधवार को भी कई ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया। बुधवार को दिल्ली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर एक साथ आठ ट्रेनें रद्द रहने से यात्रियों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा।
दिल्ली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर बुधवार को एक साथ आठ ट्रेनें रद्द रही। जिनमें दिल्ली से शामली और सहारनपुर जाने वाली ट्रेनों में ट्रेन नंबर 04019, 01619, 04401, शामली और सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में ट्रेन नंबर 01620, 01622, 04020, 4402 और हरिद्वार से दिल्ली जाने वाली ट्रेन नंबर 14306 रद्द रही। जिस कारण बड़ौत रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्रियों को भारी परेशानी हुई। कांवड़ यात्रा के कारण बस मार्ग भी बंद होने से यह परेशानी और भी बढ़ गई।
लगातार बरसात होने से यमुना का जलस्तर बढ़ गया है, ऐसे में आठ ट्रेनों को इस रूट पर रद्द किया गया है। -अनुज राठी, स्टेशन मास्टर, बड़ौत