बागपत। पैरों में छाले और थकान के बाद भी शिवभक्तों का हौसला कम नहीं हो रहा। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे कांवड़िये बिना रुके और बिना थके अपनी मंजिल की तरफ जयकारें लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बोल बम की गूंज है।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कांवड़ियों का कारवां बढ़ता जा रहा है। बुधवार को हाईवे से गुजरने वाले हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पैरों के छाले और लंबे सफर के बाद भी कांवड़ियों का जोश कम नहीं हो रहा। बोल बम के सहारे शिवभक्त अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे हैं। शिविरों में कुछ देर रुकने के बाद कांवड़िये लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
डीजे की धुनों पर नृत्य कर मिटाते है थकान
कांवड़ शिविर में भोले के गीतों पर कांवड़िये नृत्य कर अपनी थकान मिटा रहे है। शिविरों में रंग-बिरंगी लाइटों के साथ डीजे की व्यवस्था कराई गई है, जहां शिवभक्त जमकर नृत्य कर रहे हैं।
हाईवे पर उमड़ रहा श्रद्धा का सैलाब
दोघट। कांवड़ यात्रा में श्रद्धा का सैलाब उमड़ रहा है। हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे दिल्ली, हरियाणा के शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्थानीय कांवड़िये दाहा गांव से बरनावा मार्ग होते हुए पुरा महादेव मंदिर पहुंचेंंगे।
स्थानीय कांवड़ियों ने दाहा गांव में डाला डेरा
दोघट। पुरा गांव के परशुरामेश्व महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने वाले स्थानीय कांवड़ियों ने दाहा गांव में डेरा डाल लिया है। कांवड़िये 13 जुलाई की शाम को दाहा गांव से पुरा के लिए निकलेंगे।
शिविर में महिला और बच्चे सेवा में लगे
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर लगाए गए शिविरों में पुरुष श्रद्धालुओं के साथ-साथ महिला और बच्चे भी कांवड़ियों की सेवा में लगे हुए है। महिलाएं कांवड़ियों को भोजन कराने के साथ बच्चे भी उनका सहयोग कर रहे हैं।