बागपत। प्रधानमंत्री विकास कार्यक्रम योजना के अंतर्गत नौ ग्राम पंचायतों में ई-पुस्तकालयों का निर्माण कराया जाएगा। पुस्तकालयों के निर्माण के लिए साढ़े तीन करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। गांवों में ई-पुस्तकालय का निर्माण होने से युवाओं और छात्रों को गांव में ही प्रतियोगी और अन्य परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा मिलेगी।
इन ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने और छात्राओं को किताबें उपलब्ध कराने के लिए नौ गांव में ई-पुस्तकाल्य का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से प्रधानमंत्री विकास योजना के अंतर्गत साढ़े तीन करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। शासन से स्वीकृति मिलने पर ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य शुरु कराए जाएंगे।
युवाओं को गांव में ही मिलेगी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की सुविधा
गांवों में लाइब्रेरी का निर्माण होने से गांव के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की गांव में ही सुविधा मिलेगी। गांवों में लाइब्रेरी नहीं होने के कारण युवाओं को दूसरे स्थानों या जिलों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इन गांवों में होगा पुस्तकालयों का निर्माण
शासन से बजट जारी होने पर जिले के गांगरौली, शाहजहानपुर, पिचौकरा, फखरपुर, शेखपुरा, दरकावदा, जलालपुर, और जौहड़ी गांव में ई- लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा। इन गांवों में पुस्तकालय का निर्माण होने पर केवल यहां के युवाओं व विद्यार्थियों को ही नहीं, बल्कि आसपास के गावों के युवाओं को भी फायदा होगा।
विभाग की ओर से ई-पुस्तकाल्य का निर्माण कराने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। ई-पुस्तकाल्य का निर्माण होने पर युवाओं को गांव में ही परीक्षा की तैयारी की सुविधा मिलेगी। - अंतरिक्ष कुमार, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक