बागपत। शहर के चमरावल रोड पर आबादी के बीच लोगों ने खाली जगह को डंपिंग ग्राउंड बना दिया है। जहां कूड़े का ढेर लगा हुआ है और तेज हवा चलने पर कूड़ा उड़कर लोगों के घरों में घुस रहा है। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
चमरावल रोड पर रहने वाले मनोज चौधरी, संजय, विजय आदि ने बताया कि अर्जुनपुरम के बाहर कुछ जगह खाली पड़ी है। जहां नगर पालिका के सफाई कर्मचारी पूरी कॉलोनी का कूड़ा एकत्रित कर डाल देते हैं। उन्होंने बताया कि खाली जगह में कूड़ा फैला होने के कारण बदबू फैली रहती है। जिस कारण सुबह और शाम के समय टहलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि कई बार नगर पालिका के अधिकारियों से शिकायत कर सफाई कराने की मांग की गई, लेकिन अभी तक सफाई नहीं कराई गई। जिससे लोगों में रोष है। उन्होंने कहा कि तेज हवा चलते ही कूड़ा फैल जाता है और आसपास बने मकानों में भी चला जाता है।
बदबू से टहलने वाले परेशान
सुबह और शाम के समय शहर के सैकड़ों लोग टहलने के लिए चमरावल रोड पर आ जाते हैं। अर्जुनपुरम के बाहर पहुंचते ही कूड़े के ढेर से बदबू आने पर उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल्द समस्या का समाधान कराया जाए।-निशांत शर्मा
जल्द हटवाया जाए गंदगी का ढेर
चमरावल रोड पर कूड़ा डाला जाने की शिकायत कई बार अधिकारियों से करने के बाद भी समाधान नहीं हुआ। जल्द ही कूड़े का ढेर हटाकर लोगों की समस्या का समाधान कराया जाए।-जनक सिंह सोम
शहर में नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, खाली स्थानों पर कूड़ा डालने की किसी को अनुमति नहीं है। शहर में कहीं भी कूड़े का ढेर मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।-प्रतिपाल चौहान, एडीएम
मास्टर कालोनी निवासी निशांत कुमार- फोटो : BAGHPAT
खुद भी रखो सफाई का ध्यान: बागपत-चमरावल रोड स्थित मास्टर कालोनी के बाहर लगा कूड़े का ढेर- फोटो : BAGHPAT