बागपत। मौसम में बदलाव के कारण त्वचा व पेट दर्द के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। यहां रविवार को आरोग्य मेलों में पेट दर्द के 35 मरीज पहुंचे तो त्वचा रोग के 107 मरीजों की जांच कर दवाई दी गई। चिकित्सकों ने उपचार करने के साथ ही खानपान व दिनचर्या बेहतर रखने की सलाह दी।
जिले में रविवार को 23 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। जहां 20 चिकित्सकों और 69 पैरा मेडिकल स्टाफ ने मरीजों की जांच कर दवाई दी। इस बार आरोग्य मेले में 1134 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। मेले में बुखार के 39 मरीजों का उपचार हुआ। कई दिन से बुखार होने पर 14 मरीजों की मलेरिया व पांच मरीजों की डेंगू की जांच कराई गई। मेले में पेट की बीमारी के 35 मरीजों ने पहुंचकर जांच कराई।
लीवर के 13 व सांस रोग के 66, उच्च रक्तचाप के 24 मरीज पहुंचे। त्वचा रोग के 107 व शुगर के 94 मरीज पहुंचे। टीबी के 16 संदिग्ध मरीजों की जांच की गई। सीएमओ डाॅ. तीरथलाल ने बताया कि मरीजों को बीमारियों की जांच के बाद दवाई देने के साथ ही दिनचर्या व खानपान बेहतर करने की सलाह दी जा रही है।